खोही (चित्रकूट)। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि थाने के ठीक सामने लगभग 200 मीटर की दूरी पर घटना को अंजाम दे दिया।
घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद व जेवरात पार कर दिए। पीड़ित ने थाने में सूचना दी है।
थाना चित्रकूट के सामने आदर्श नगर सिरसावन (मध्यप्रदेश) के पास घर में चोरी हो गई। आदर्शनगर बस्ती निवासी लवलेश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पूरा परिवार सतना चला गया था। शाम को वापस लौटने पर देखा तो घर के मेन गेट का ताला टूटा था।
अंदर जाने पर देखा तो प्रवेश द्वार का ताला टूटा है। कमरों के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने आलमारी से लगभग 50 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिये। थाना प्रभारी पंकज शुक्ला ने बताया कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।