खोही (चित्रकूट)। ग्राम पंचायत रानीपुर खाकी के बरमपुर का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से गांव की बिजली आपूर्ति दस दिनों से बाधित है। इसके चलते गांव में लगा नलकूप भी नहीं चल रहा है। इससे पानी का संकट गहरा गया है।
ग्राम पंचायत रानीपुर खाकी और बरमपुर गांव के योगेश कुमार, दिनेश कुमार, दिलीप सिंह, हर प्रसाद सोनी, बांके लाल, राजेश लक्ष्मी, प्रेमलता, अनीता देवी, अंजली आदि ने बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर करीब 10 दिन पहले फुंक गया है। विभागीय अधिकारियों को कई बार सूचना देने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बिजली न रहने से गांव में लगा नलकूप भी नहीं चल रहा है। इससे पानी का संकट बढ़ गया है। मजबूरी में गांव से बाहर 200 मीटर दूर लगे हैंडपंप से पानी लाना पड़ता है। बिजली विभाग के एसई बृजेश कुमार ने बताया कि उनको ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी नहीं है। मौके पर टीम भेजकर ट्रांसफार्मर लगवाया जाएगा।