मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के भिटारी गांव में एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग से जला दिया गया। इससे घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। आनन फानन में उसे ग्रामीणों ने सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे प्रयागराज रेफर किया गया है। अधजले युवक ने बताया कि तीन युवक उसके गांव आए और उस पर तौलिया डालकर पीटा फिर पेट्रोल डालकरआग लगा दी।
मऊ थाना क्षेत्र के अंर्तगत भिटारी गांव का निवासी छोटेलाल निषाद पुत्र प्राण आग से जलने से बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मऊ में भर्ती कराया। सीएचसी में भर्ती के दौरान झुलसे युवक ने बताया कि उसके ही परिवार से जुडे तीन युवक रविवार की शाम को उसके पास आए। गाली गलौज कर उसे पीटने लगे। सिर पर तौलिया डालकर पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद आग लगाकर भाग गए। ग्रामीणों की मदद से आग तो बुझ गई लेकिन उसके शरीर का एक हिस्सा झुलस गया है। इस संबन्ध में मऊ थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं दी गयी है। घटना संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। झुलसे युवक का प्रयागराज में इलाज जारी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामला पारिवारिक बताया गया है।