टास जीतकर मुरादाबाद ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पंद्रह ओवर में इसने छह विकेट खोकर 91 रन बनाए। शिरीन खान ने 25, ईरम खान ने 22, मोनिका ने 10 रन बनाए। गोरखपुर की अलीसा और पूजा ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में गोरखपुर की टीम 15 ओवर में चार विकेट खोकर 75 रन ही बना सकी। प्रियंका ने 21, अलीसा ने 15 रन का योगदान दिया। मुरादाबाद के गेंदबाज इरम खान, पंखुल और छाया ने एक-एक विकेट लिया। मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी इरम खान रहीं। कानपुर के साथ हुए फाइनल में मुरादाबाद की टीम को शिकस्त मिली। कानपुर ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित पंद्रह ओवर में छह विकेट खोकर 110 रन बनाए। कीर्ति ने 33, शोभा ने 31 रन का योगदान किया। छाया, शिरीन ने दो-दो और अंतिमा व पंखुल ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुरादाबाद की टीम 15 ओवर में पांच विकेट पर 84 रन ही बना सकी। मोनिका ने 15, छाया ने 25 रन का योगदान किया। कानपुर के गेंदबाज आकांक्षा ने दो और प्रीति ने एक विकेट लिया। शोभा टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं। विजेता टीम को मुख्य अतिथि मोशू खान और अक्षय बुंदेला ने ट्राफी और दस हजार रुपए का पुरस्कार दिया। शोभा को एक हजार रुपए का पुरस्कार मिला। गुरुवार को झांसी और लखनऊ के बीच पुरुष टीमों का फाइनल होगा।