चित्रकूट। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए डीएम अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि हड़ताल पर जाने वाले संविदा कर्मियों का मानदेय काटा जाए। इसके अलावा बिजली व्यवस्था में सुधार के सभी इंतजाम किए जाएं।
डीएम ने एसडीएम से कहा कि आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नगर पालिका, नगर पंचायतों, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग आदि विभागों से विद्युत कर्मचारियों की सूची प्राप्त कर लें। ताकि हड़ताल के दौरान बिजली व्यवस्था में कोई समस्या होने पर इनसे संपर्क कर उसे ठीक कराया जा सके। अधीक्षण अभियंता से कहा कि संबंधित ठेकेदार से संपर्क कर अन्य कर्मियों की व्यवस्था कराएं।
संविदा कर्मियों की सूची सभी एसडीएम को उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही जो ठेकेदार एयरपोर्ट, जल जीवन मिशन आदि जिन विभागों में बिजली संबंधी कार्य करा रहे हैं उनसे भी संपर्क बनाए रखा जाए। संविदा कर्मचारी हड़ताल पर जाएं तो उनका हड़ताल के दौरान का मानदेय भी काटा जाए।
अधिशासी अभियंता जल संस्थान से कहा कि पेयजल को देखते हुए जनरेटर की व्यवस्था करें। ताकि आम जनमानस को हड़ताल के दौरान पेयजल की समस्या न हो। इस दौरान सदर एसडीएम राजबहादुर, मऊ एसडीएम नवदीप शुक्ला, मानिकपुर एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता बृजेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत आरएस वर्मा, केके वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।