चित्रकूट। श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मुन्नू कोरी) ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सात ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
कलक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। चित्रकूट को सात ग्राम विकास अधिकारी मिले हैं। इससे ग्रामीण विकास के कामों में कुछ तेजी आएगी। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थी खुश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष लव कुश चतुर्वेदी, पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल, जिला सहकारी बैंक बांदा चित्रकूट के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल डीएम शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सीडीओ अमृतपाल कौर, एसडीएम पूजा साहू आदि मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री मनोहर लाल ने नगर पालिका परिषद की कान्हा गोशाला पहुंचे। उन्होंने पेयजल, भूसा, साफ-सफाई आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने पूजन कर गाय को गुड़ भी खिलाया। प्रभारी मंत्री ने पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए की बीच-बीच में गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराते रहें। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता व अधिशासी अधिकारी लाल जी यादव समेत तमाम भाजपा नेता मौजूद रहे।