चित्रकूट। चमड़ा मंडी में शुक्रवार को एक युवती का शव फंदा से लटकता हुआ मिला। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अपराध निरीक्षक लाखन सिंह ने बताया कि दोपहर को सूचना मिली कि चमड़ा मंडी के पास एक घर से दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंचे तो अंदर से दरवाजा बंद था। परिजनों के आने के बाद दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। रैपुरा निवासी नेहा पटेल (30) का शव पंखे से लटक रहा था। शव कई दिन पुराना है। दरोगा ने बताया कि युवती के पिता वीरेंद्र पटेल के अनुसार बेटी पहले हाईकोर्ट प्रयागराज में चतुर्थ श्रेणी के पद पर तैनात थी। करीब तीन माह पहले ही नौकरी छोड़ कर तैयारी करने आई थी। कुछ दिन पहले उसकी मानसिक स्थिति खराब हो गई थी। इसका इलाज भी चल रहा था। पिता ने बताया कि वह करीब 10 दिन पहले बेटी से मिलने आए थे लेकिन बेटी ने दरवाजा नहीं खोला था। तब वह लौट गए थे। वह रेलवे में इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। कोतवाल उपेंद्र सिंह ने बताया कि पूरा मामला संदिग्ध है। परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।