चित्रकूट जिले में शहर से सटे एक गांव की अनुसूचित जाति की किशोरी घायल व बेसुध अवस्था में रामघाट के पास मिली। परिजनों ने किशोरी को घर से अपह्त कर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप लगाए हैं। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
किशोरी के परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम पुत्री लापता हो गई। रात को घर न आने पर परिजन कोतवाली पहुंचे और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर अपहरण करने का शक जताया था। शुक्रवार को दिनभर परिजन किशोरी की तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
शाम को रामघाट के पास बेसुध अवस्था में किशोरी के मिलने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अपहृत किशोरी की फोटो से चेहरे का मिलान किया। शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन किशोरी की हालत देखकर रोने लगे। उसके शरीर पर चोट के निशान थे।
परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई है। दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीओ सिटी हर्ष पांडेय ने बताया कि किशोरी बेसुध मिली है, लेकिन अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।
मेडिकल रिपोर्ट आने और किशोरी के बयान के बाद सही जानकारी होगी।