बरगढ़। थाना अंतर्गत कटैयाड़ाड़ी गांव में बने बंधे से भैंस बाहर निकालने की कोशिश में छात्र की डूबने से मौत हो गई। गांव के गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। कटैया डांडी गांव का इंटर का छात्र प्रिंशु सिंह पटेल (18) पुत्र अनिरुद्ध सिंह सोमवार को गांव में तालाब के पास बने बंधे के पास भैंस चरा रहा था। इसी दौरान भैंस बंधे के अंदर चली गई। प्रिंशु भैंस को बाहर निकाल रहा था। तभी डूबने लगा। नजदीक खेल रहीं बेबी, अर्चना व राज ने प्रिंशु को डूबता देख उसके घर जाकर सूचना दी। मौके पर परिवार के सदस्य व ग्रामीण पहुंचे। गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला, तबतक मौत हो चुकी थी। पिता अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि मृतक प्रिंशु कस्बे के ही कालेज में इंटर की पढ़ाई करता था। दो भाइयों में सबसे बड़ा है। चार बहने हैं। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।