चित्रकूट। जिले में दो दिनों से मौसम बदला हुआ है। शुक्रवार की सुबह व शाम को एक-एक घंटे बारिश हुई। दिन भर तेज हवाएं भी चलती रहीं। इससे खलिहान में रखी फसले भींग गई।
जिले में शुक्रवार को तीन बजे के बाद बारिश होने लगी। जिसमें शहर सहित जिले के शिवरामपुर, भरतकूप, पहाड़ी क्षेत्र के गांवों में रूक रूक कर हल्की बारिश हुई। तेज हवाएं चलने से खेतों में लगी फसल भी कुछ स्थानों पर गिर गई। प्रगतिशील किसान शिव कुमार शुक्ला ने बताया कि बारिश से फसलों को नुकसान हो रहा है। किसान फसल को काटने में जुटे हुए हैं। मौसम बदलने से फसल काटने में देरी हो रही है।
उप कृषि अधिकारी राजकुमार ने बताया कि अभी हल्की बारिश ही हो रही है। इससे 10 से 15 प्रतिशत ही कुछ स्थानों पर नुकसान हुआ है। गनीवां कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा. मनोज शर्मा ने बताया कि पूरे जिले के औसत को देखा जाए तो एक मिमी से कुछ कम बारिश हुई है।