चित्रकूट। डीएम अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। वर्तमान में मौसमी बीमारियों के बढ़ने पर उन्होंने जिला अस्पताल से टेलीमेडीसिन सेवा शुरु कराने के निर्देश दिए हैं। कहा कि हर बीमार को अस्पताल से ही दवा मिले, बाहर की दवा न लिखी जाए। डीएम ने कहा कि खोह अस्पताल में तैनात डॉ. शिवचंद ने जिस दिन कार्य किया हो उसी दिन का वेतन दिया जाए।
बैठक में डीएम ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मऊ से कहा कि डॉ. विद्या सागर सिजेरियन में सहयोग न करें तो अवगत कराएं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सूची एवं उपचार की स्थिति पर संबंधित एएनएम व आशा को चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अधीक्षक जिला चिकित्सालय एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि चिकित्सालय में टेलीमेडिसिन शुरू किया जाए। सभी जगह कंप्यूटर से पर्चा व दवा का भी वितरण हो। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में दवाई जहां पर रखी जा रही है उनको चेक करने के लिए चिकित्सक व फार्मासिस्ट को नामित कर नियमित रूप से चेक कराएं। ताकि कोई दवाई एक्सपायरी न रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी से कहा कि जिन स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं पर एएनएम, आशा गलत सूचना दें तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। बैठक में सीएमएस डॉ. सुधीर कुमार, डीडीओ आरके त्रिपाठी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमके जतारया, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश पहाडिय़ा, जिला मलेरिया अधिकारी लाल सिंह, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आरके करवरिया सहित संबंधित अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
-