चित्रकूट। कई मामलों में मुजफ्फर नगर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के विधायक नाहिद हसन को अब चित्रकूट जिले की रगौली जेल भेजा गया है। शासन के आदेश पर बुधवार की दोपहर को विधायक विशेष सुरक्षा में चित्रकूट पहुंचे। उन्हें अलग बैरक में रखा गया है।
यूपी के कैराना से सपा के विधायक नाहिद हसन ने जेल में बंद रहने के दौरान चुनाव जीता था। उन पर गैंगस्टर समेत कई मामले दर्ज होने पर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है। बुधवार को भारी सुरक्षा के बीच पुलिस वाहन से चित्रकूट लाया गया।
जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर ने बताया कि कोविड जांच के बाद विधायक को अलग बैरक में रखा गया है। वह लगातार जेल के नियमों का पालन कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार विधायक ने दोपहर का खाना नहीं खाया। शाम तक अपने बैरक में सिर्फ लेटे रहे और किसी से बात नहीं की।