चित्रकूट। जन्मदिन की पार्टी से बाइक से लौट रहे मां-बेटे को गिट्टी लदे ट्रक ने हाईवे पर टक्कर मार दी। इससे बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रक लेकर भाग रहे चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बांदा जिले के अतर्रा तहसील के गंगेही ताला निवासी चुनवाद वर्मा ने बताया कि पत्नी रेनू (45) बेटे सूरज वर्मा (24) के साथ बाइक से शनिवार को कर्वी के कालपुर निवासी मौसिया सास रानी के बेटे लल्लू का जन्मदिन मनाने आई थी। शनिवार की रात मां-बेटे बाइक से घर लौट रहे थे।
झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर भरतकूप थाना क्षेत्र के चौहान ढाबा के पास सामने से आए गिट्टी लदे ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी। इससे मां छिटककर दूर जा गिरी और बेटा ट्रक की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक हेलमेट पहने था, लेकिन टक्कर के बाद हेलमेट टूट गया। सिर और सीने में गंभीर चोट आने से मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने ट्रक समेत चालक को पकड़ लिया। घायल रेनू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी होते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। सूरज तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मई 2023 में शादी हुई थी। पत्नी ममता गर्भवती है। वह रो-रोकर बेहाल है। सूरज का परिवार पहले भरतकूप थाना क्षेत्र के करारी गांव में रहता था। अतर्रा में फर्नीचर की दुकान पर काम करने के कारण पूरा परिवार कई साल पहले वहीं बस गया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए अतर्रा लेकर गए।