मानिकपुर (चित्रकूट)। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन दोस्तों को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूचना देकर राहगीर घायलों को सीएचसी ले गए। वहां से जिला अस्पताल ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई। दो की हालत नाजुक है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी कैलाश रैकवार ने बताया कि उनका पुत्र अमन रैकवार (23) शनिवार की रात वाल्मीकि नगर पश्चिमी निवासी दोस्त रवि साहू (30) और शैलेंद्र साहू (25) बरम बाबा स्थित लॉज में दोस्त लोकेश की शादी में गए थे। शनिवार की रात बाइक से घर लौट रहे थे। मारकुंडी तिराहे के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा चालक ने बाइक पर टक्कर मार दी। इसके चलते तीनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ई-रिक्शा लेकर भाग निकला।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस सूचना दी और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में भर्ती कराया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर अमन व रवि को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में अमन की मौत हो गई, जबकि रवि को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
रविवार को पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। मृतक अमन अपने पिता के साथ होटल का काम करता था। वह दो बहनों में इकलौता भाई था। मां अंजू देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। पोस्टमार्टम के बाद कस्बे के बाहर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।