चित्रकूट। आरक्षी भर्ती परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी भी खुश दिखे। हालांकि पेपर के पहले परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में उन्हें मशक्कत करनी पड़ी। दोनों पालियों में 1035 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों ने एक दिन पहले ही डेरा डाल दिया। सुबह परीक्षा की शुरुआत होते ही सेंटरों के बाहर परीक्षार्थी पहुंच गए। तलाशी लेने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए। केंद्र के मुख्य गेट पर पुलिस के जवान तैनात रहे। परीक्षा के बाद भी एक-एक कक्ष से अभ्यर्थियों को छोड़ा गया, जिससे जाम न लगे। पहली पाली में पंजीकृत 8688 में 8188 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 500 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में पंजीकृत 8688 में 8135 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 535 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इनसेट...
डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण
परीक्षा केंद्रों का डीएम अभिषेक आनंद व एसपी अरुण कुमार सिंह ने दोनों पालियों में निरीक्षण किया। चित्रकूट इंटर कॉलेज, ज्ञान भारती, श्रीगंगाजी जनसेवा इंटर कॉलेज, कृषक इंटर कॉलेज भौंरी, छत्रपति शाहू जी इंटर कालेज रगौली सहित अन्य कॉलेजों का निरीक्षण किया। इसके बाद स्ट्रांग रूम व कोषागार का भी निरीक्षण कर उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने की जानकारी ली।
इनसेट...
रेलवे स्टेशन व फुटपाथ पर गुजारी रात
परीक्षा देने के लिए आए अभ्यर्थियों ने एक दिन पहले ही डेरा डाल दिया। कई अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन परिसर सहित बस स्टैंड व सड़कों के किनारे रात काटी। बसें फुल चल रही थीं। जो परीक्षार्थी बाइक व अन्य साधनों से आए उनके लिए पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई। इससे वह परेशान हो गए।
इनसेट
आरक्षी ने दिखाई मानवता
पुलिस आरक्षी की भर्ती में कई ने मानवता भी दिखाई। जिसमें यातायात विभाग के आरक्षी ने नीतेश कुमार ने परीक्षा देने आए अभ्यर्थी चनहट निवासी रामपाल का पहचान पत्र मिलने पर मोबाइल के माध्यम से बुलाया। इसके बाद पहचान पत्र ड्राइविंग लाइसेंस उसे वापस किया।