चित्रकूट जिले के मऊ में बेटी की विदाई के दोरान हुए विवाद से गुस्साए पिता ने अपनी ही बेटी को गोली मार दी। हाथ में गोली लगने से नवविवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। देर शाम पुलिस ने आरोपी पिता को पकड़ भी लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घायल महिला का प्रयागराज में इलाज चल रहा है। बरियारी कला गांव निवासी मुस्कान मिश्रा (19) का विवाह बीती 10 मई को पूरे भट्टू शंकरगढ़ प्रयागराज निवासी बबूल मिश्रा से हुआ है।
घटना के बाद अस्पताल में भर्ती घायल मुस्कान ने बताया कि शादी के बाद वह एक बार ससुराल गई थी। पहली विदाई में दस दिन पूर्व मायके आई थी। शनिवार को देवर अनिल मिश्रा व अन्य लोग उसे विदा कराने आए थे। इसी बीच युवती के पिता अभिमन्यु मिश्रा ने विदाई करने से इन्कार कर दिया। इसी बात पर ससुरालीजन व मायका पक्ष में कहासुनी होने लगी। मुस्कान ने बताया कि उसने पिता को कमरे में ले जाकर समझाने का प्रयास किया तो आक्रोशित पिता ने उसे ही तमंंचे से गोली मार दी और भाग निकले।