चित्रकूट । शराब के नशे में पत्नी व बच्चों से झगड़कर पति ने घर के अंदर जहर पी लिया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कुछ देर इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के द्वारिकापुरी मोहल्ला निवासी बुद्धूलाल निषाद (40) पुत्र मोहनलाल की पत्नी संगीता देवी ने बताया कि पति अक्सर शराब पीकर घर आता था और मारपीट करता था। रविवार को भी उसने यही किया। इसका विरोध किया तो गाली देता हुआ घर से चला गया। थोड़ी देर बाद शाम को लौटा और पत्नी व बच्चों को घर से बाहर निकालकर कमरा बंद कर लिया।
घर के अंदर उसे जहर पी लिया। अंदर से उल्टी करने व चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजनों ने खिड़की के रास्ते से अंदर देखा तो वह बेहोशी की अवस्था में पड़ा है। किसी तरह दरवाजा खोलकर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोमवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाल गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की ओर से शराब पीकर अक्सर मारपीट करने की बात बताई है।