चित्रकूट। जेल में बंद सपा नेता पूर्व प्रधान गैंगस्टर हरिमोहन यादव द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई दो करोड़ से अधिक की संपत्ति को जिला प्रशासन व पुलिस टीम ने गुरुवार को कुर्क कर लिया है। कुर्की कार्रवाई के दौरान लोढ़वारा व आसपास भारी पुलिस बल मौजूद रहा। गौरतलब है दो माह पूर्व इसी पूर्व प्रधान की चारागाह पर अवैध रूप से बनी बिल्डिंग पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवाया था।
एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लोढ़वारा गांव का हरिमोहन यादव भू-माफिया है। यह अपने भाईयों के साथ लंबे समय से गरीबों, अनुसूचित जाति के लोगों की जमीनों पर कब्जा कर रहा था। इसका व इसके परिवार के सदस्यों का लंबा अपराधिक इतिहास है। जिनके विरुद्ध पुलिस द्वारा गैंगेस्टर एक्ट का मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
इस मामले में पांच लोग नामित हैं। जिसमें हरिमोहन और उसका एक भाई जेल में है जबकि तीन अन्य फरार हैं जिनकी तलाश जारी है। अवैध कृत्यों से जुटाई गई संपत्ति की प्रशासन के सहयोग से कुर्की करा ली गई है। कुर्क की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ रुपये है। इस दौरान लोढ़वारा गांव में कर्वी एसडीएम राजबहादुर, सीओ हर्ष पांडेय, तहसीलदार राकेश पाठक व कोतवाल गुलाब त्रिपाठी भी मौजूद रहे।