चित्रकूट। पॉलिटेक्निक कॉलेजों में अधिक से अधिक प्रवेश के लिए जिले में पॉलिटेक्निक चलो अभियान चलेगा। डीएम पुलकित गर्ग ने राजकीय, अनुदानित, पीपीपी व निजी पॉलिटेक्निक संस्थाओं में प्रवेश के लिए अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए पॉलिटेक्निक संस्थाओं में प्रवेश के लिए कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा जेईई (पॉलिटेक्निक) का आयोजन मई के तीसरे सप्ताह में किया जाएगा। इसके लिए 15 जनवरी से 30 अप्रैल तक एनआईसी के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश स्तर पर पॉलिटेक्निक चलो अभियान चलाया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव, प्राविधिक शिक्षा विभाग के निर्देशों के क्रम में छात्र-छात्राओं और युवाओं को निकटवर्ती पॉलिटेक्निक संस्थाओं का भ्रमण कराकर तकनीकी शिक्षा के प्रति जागरूक और प्रवेश के लिए प्रेरित करेंगे।(संवाद)