चित्रकूट। पुलिस भर्ती परीक्षा की आज से शुरुआत होगी। जिले के छह केंद्रों पर 31 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हर कमरे में सीसीटीवी और घड़ी के इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा की शुरुआत होने के पहले ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों को तीन घंटे पहले पहुंचने के लिए कहा है। परीक्षार्थियों को भी दो घंटे पहले पहुंचने के लिए कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस के साथ ही प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी पर भी है।
परीक्षा के लिए चित्रकूट इंटर कॉलेज, गोस्वामी तुलसीदास राजकीय महाविद्यालय बेड़ी पुलिया, जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, सेठ राधा कृष्ण पोद्दार इंटर कॉलेज सीतापुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज व गंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कॉलेज बनाए गए हैं। डीआईओएस एके मिश्रा ने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए छह सेक्टर, मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सहायक केंद्र व्यवस्थापक आठ, परीक्षा सहायक छह व कक्ष निरीक्षक कें द्र व्यवस्थापक 93 हैं। डीएम शिवशरणप्पा व एसपी अरूण कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया।
पूछताछ केंंद्र नहीं खुलने से अभ्यर्थी परेशान
परीक्षा के एक दिन पहले जिला मुख्यालय और परीक्षा केंद्रों के आसपास पूछताछ केंद्र नहीं खुलने से अभ्यर्थियों सहित ड्यूटी में बाहरी जनपद से लगाए गए पुलिसकर्मी परेशान दिखे। स्थानीय निवासियों से जानकारी कर केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।
इनसेट
परीक्षार्थियों के रुकने के लिए नहीं की व्यवस्था
परीक्षा के एक दिन पहले से परीक्षार्थी अपने-अपने साधनों से पहुंचने लगे हैं। अभ्यर्थी रात में रुकने के जुगाड़ में इधर-उधर भटकते रहे। कौशांबी से आए रोशन सिंह, हेमंत प्रताप, लक्ष्मण तिवारी ने बताया कि होटल और धर्मशाला में पहले से ही कमरे बुक हो गए हैं। बारिश का मौसम है, कहां रुकें, समझ में नहीं आ रहा है। शासन की तरफ से रुकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है।
परीक्षा केंद्रों को जाने वाली सड़कों पर जलभराव
परीक्षा के लिए बनाए गए कुछ केंद्र ऐसे हैं, जहां जाने वाली सड़कों पर जलभराव और कीचड़ है। शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के मुख्य रास्ते पर जलभराव व कीचड़ है। श्रीगंगा प्रसाद जनसेवा इंटर कॉलेज की गली में भी पानी भर जाता है।