चित्रकूट। खेत में बकरियां चराने गई किशोरी की हत्या का खुलासा पुलिस ने करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने किशोरी को पकडऩे का प्रयास किया था तो किशोरी ने इसका विरोध कर घर में शिकायत करने की धमकी दी थी। इससे डरे आरोपी ने गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि गुरुवार की दोपहर मऊ थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी खेत में बकरियां चराने गई थी। वहीं तिलौली गांव निवासी चंद्रेश उर्फ भइवा भी खेत में अपने जानवर चरा रहा था। जिसने किशोरी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने विरोध कर घर में शिकायत करने की धमकी देकर घर की ओर जाने लगी थी।
इस पर आरोपी ने उसे मार डाला था। उसे पुलिस टीमों ने एक दिन के अंदर की पकड़ कर जेल भेज दिया है। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने लोअर के नाड़े से गला घोटकर हत्या कर दी। इस मामले में फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत गला घोंटने से हुई स्पष्ट हुई है। अन्य बिंदुओं पर भी आरोपी से पूछताछ की जा सकती है।