चित्रकूट। राजापुर थाने से चोरी का मोबाइल बेचने के भागे पांच हजार के इनामी आरोपी को छठवें दिन पुलिस ने पकड़ लिया। इसके खिलाफ कर्वी कोतवाली में चोरी के चार मामले दर्ज हैं।
बूढ़ासेमरवार गांव निवासी श्याम उर्फ कल्लू उपाध्याय को राजापुर थाना पुलिस टीम ने पांच सितंबर को चोरी के मोबाइल बेचने के आरोप में पकड़ा था। उसके साथ खजुरिहा निवासी रामसिंह को भी पकड़ा था। आरोप है कि उसने चोरी का मोबाइल खरीदा है। उसी दिन रात में थाना परिसर से श्याम उपाध्याय पुलिसकर्मियों चकमा देकर भाग गया था। एसपी वृंदा शुक्ला ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले सिपाहियों के खिलाफ जांच बैठाई है। होमगार्ड श्याममोहन के खिलाफ कार्रवाई के लिए उस विभाग के अधिकारी को पत्र लिखा गया है। भागे आरोपी को पांच दिन तक पुलिस टीम प्रयागराज व सतना समेत गांव के आसपास ढूंढ रही थी।
थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि इसके लिए गठित चार टीमों ने सर्विलांस व मुखबिरों की मदद से आरोपी को रविवार को उसके गांव के बाहर से पकड़ लिया।इसके खिलाफ चोरी के चार अन्य मामले भी दर्ज हैं। थाने से भागने के बाद इस पर पुलिस ने पांच हजार का इनाम भी घोषित किया था।