मानिकपुर। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के चंद्रा मारा के ऊंची धुबहरा गांव में पक्का रास्ते न होने से एक मरीज की मौत हो गई। ऊंची धुबहरा गांव निवासी संतोष यादव (35) पिछले लगभग दो महीने से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। नाजुक हालत देख परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की लेकिन पक्का रास्ता न होने से एंबुलेंस नहीं पहुंच सकती थी। मजबूरन परिजन उन्हें चारपाई पर लेकर जा रहे थे। गांव से कुछ ही दूरी पर पहुंचने पर रास्ते में ही संतोष ने दम तोड़ दिया। परिजन पुलिस को बिना सूचना दिए शव लेकर गांव लौट गए। थाना प्रभारी सत्यम पति त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं दी है। (संवाद)