चित्रकूट। सावन के अंतिम सोमवार को धर्मनगरी के रामघाट स्थित मत्तगजेंद्र नाथ मंदिर सहित जिले के शिवालयों में धूम रही। हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। कई शिवालयों में अन्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया। सुबह से लेकर रात तक शिवालयों में ऊं नम: शिवाय के मंत्र की गूंज रही।
सावन के अंतिम सोमवार को धर्मनगरी के मत्तगजेंद्र नाथ मंदिर में शिवलिंग में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर विध विधान से पूजा पाठ किया। जिसमें फूल, गुलाल, दही, नारियल प्रसाद चढ़ाकर पंडितों को दान किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल के जवान तैनात रहे। पहाड़ी कस्बा स्थित पालेश्वर नाथ मंदिर में भी ग्रामीण क्षेत्रों से भक्त जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे।
ऊची पहाड़ी में स्थित भगवान शिव की मूर्ति में जलाभिषेक किया। मानिकपुर क्षेत्र के चर गांव स्थित सोमनाथ मंदिर, मऊ क्षेत्र ऋषियन आश्रम के स्थित शिव मंदिर व भरतकूप क्षेत्र के मडफ़ा पहाड़ स्थित शिव मंदिर भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने के लिए पहुंचे। राजापुर के शिवमंदिरों में सुबह से पूजन के लिए भक्तों की लाइन लगी रही। एसडीएम प्रमोद झा के साथ व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे। हर मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के जवान ड्यूटी में लगे रहे।