चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बुधवार को एलआईसी तिराहे से पुरानी बाजार मार्ग पर गंभीर जलभराव का जायजा लिया। उन्होंने स्थिति पर नाराजगी जताते हुए तत्काल जलनिकासी के निर्देश दिए। यह मार्ग राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ता है। डीआईओएस कार्यालय, जिला पंचायत और श्रम विभाग जैसे कई सरकारी कार्यालय भी इसी सड़क पर हैं। दर्जनों दुकानें और तीन हजार से अधिक आबादी भी इस मार्ग पर निर्भर है। हर साल बारिश में जलभराव से छात्र-छात्राओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने इस समस्या की शिकायत की थी। जिलाधिकारी गर्ग ने अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर ईओ लालजी यादव को फटकार लगाई। उन्होंने ईओ को तुरंत जलनिकासी और अपर जिलाधिकारी को नाला निर्माण कराने के निर्देश दिए।