पहाड़ी (चित्रकूट)। दूध बेचकर घर जा रहे बाइक सवार को अनियंत्रित स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। जिसके चलते बाइक सवार दुग्ध विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्कार्पियो छोड़कर चालक भाग निकला। घटना की जानकारी होते ही मृतक के परिजनों मेें कोहराम मच गया।
बुधवार की दोपहर पहाड़ी थाना क्षेत्र के लदेहटा अर्जुनपुर निवासी राजकमल उर्फ छोटू (21) पुत्र कैलाश यादव व छोटकू यादव के साथ प्रतिदिन की तरह बाइक से प्रसिद्धपुर गांव दूध बेचने गया था। वहां से दोपहर को अपने घर वापस आ रहा था। जैसे ही राजकमल जमहिल पुल के पास पहुंचा तो लघुशंका के लिए बाइक खड़ी की। छोटकू यादव पुल के किनारे लघुशंका करने चला गया और राजकमल बाइक में ही बैठा रहा। इसी बीच सामने से अचानक तेज रफ्तार राजापुर की ओर से आ रही स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। जिसके चलते राजकमल की मौके पर ही मौत हो गई।
यह देखकर ड्राइवर स्कार्पियो छोडक़र भाग गया। पास में खड़े छोटकू यादव ने इसकी सूचना पहाड़ी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रामसिंह ने स्कार्पियो को थाने में खड़ा करा लिया है और परिवारी जनों को सूचना दी। यह सुनकर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।