चित्रकूट। अस्पतालों में वायरल बुखार, डायरिया व उल्टी दस्त के मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। शनिवार को वायरल बुखार के चलते अधेड़ की मौत हो गई। इससे ग्रसित आठ मरीज भर्ती हुए। शनिवार को जिला अस्पताल के ओपीडी में 640 मरीज इलाज कराने को पहुंचे। अस्पताल में मरीजों की भीड़ देखी गई।
शनिवार को प्रयागराज रोड निवासी राजाराम (50) को वायरल बुखार के चलते भांजे देवेंद्र ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को अपने घर ले गए।
इसके अलावा अकवरिया रैपुरा निवासी दिनेश का दो वर्षीय पुत्र कपिल, भैरों पागा निवासी अमरीश का चार वर्षीय पुत्र देवांश, बकटा बुजुर्ग पहाड़ी निवासी पवन की सात वर्षीय पुत्री निष्ठा को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी तरह छिवलहा मऊ निवासी गोविंद की 17 वर्षीय पुत्री वंदना, सरैंया मानिकपुर निवासी कल्लू (40),देवनारायण का 18 वर्षीय पुत्र सनी, नई दुनिया निवासी भोंडीलाल का छह वर्षीय पुत्र प्रांशू व बड़ी मडैयन निवासी मनोज की तीन माह पुत्री इशिता को उल्टी दस्त, वायरल बुखार व डायरिया के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।