चित्रकूट। राजापुर थाना क्षेत्र के कुसैली गांव में करंट से मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने प्रधान के बेटे और अन्य पर शराब पिलाकर मारने का आरोप लगाया है। थाने में दोनों के खिलाफ तहरीर दी है।
शुक्रवार को कुसैली गांव निवासी रामदुलारी ने बताया कि गुरुवार की दोपहर उसके पति शिवबोधन (32) को प्रधान का पुत्र और एक अन्य व्यक्ति घर साथ बाइक से मनरेगा की मजदूरी दिलाने के नाम पर ले गये। शाम को बताया कि उसे करंट लग गया और निजी अस्पताल में भर्ती है। जब परिजन पहुंचे तो शिवबोधन मृत मिला। परिजनों ने दोनों पर शराब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी पर पहुंचे राजापुर प्रभारी थानाध्यक्ष केबी सिंह ने कई ग्रामीणों से पूछताछ की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया है। आरोपियों का कहना है कि तीनों एक दुकान में बैठे थे। वहां से बाहर निकले तो एक अन्य दुकान की टीन में करंट था। शिवबोधन उस दुकान में टीन के सहारे खड़ा हो गया इससे करंट की चपेट में आ गया। उसे राजापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी।