चित्रकूट जिले में मऊ थाना अंतर्गत करही गांव में मानसिंह डिग्री कॉलेज की छत पर सो रहे एक मजदूर की छत से गिर जाने से मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने हत्या करने की आशंका भी जताई है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव- गांव में पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसमें मऊ थाना क्षेत्र मेें भी गांवों में पाइप लाइनें बिछाई जा रही है।
इसमें काम करने वाले मजदूर कार्य कर करही गांव स्थित मानसिंह डिग्री कॉलेज की छत पर सो रहे थे। सुबह जब मजदूर जागे तो फतेहपुर जिले के थाना धाता के छोटी अढौती गांव के मुकेश कुमार पासी (25) का शव डिग्री कॉलेज के छत के नीचे जमीन पर पड़ा मिला ।
इसकी जानकारी थाना मऊ पुलिस को दी गई। जो मौके पर जाकर अन्य मजदूरों से जानकारी कर मृतक के परिजनों को सूचना दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। जहां मृतक के पिता शिवनंदन व चचेरे भाई लवलेश पहुंचे। उन्होंने हत्या करने की आशंका भी जताया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष राजेश द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।