चित्रकूट। जिला जेल में विधायक अब्बास अंसारी से उसकी पत्नी निखत के नियमों के विपरीत मिलने के मामले में अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कहा कि इस मामले में आरोपी जेल अधिकारियों की भी गिरफ्तारी की जाए। कहा कि अब तक हुई कार्रवाई नाकाफी है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रदेश सरकार यह कार्य न्याय की भावना से नहीं रंजिश की भावना से कर रही है।
गुरुवार को अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी को लिखे पत्र में कहा कि पुलिस की ओर से लिखवाई गई एफआईआर में अब्बास अंसारी और निखत बानो के साथ ही जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर, जेलर सुशील कुमार, कांस्टेबल जगमोहन व ड्यूटी पर तैनात अन्य डिप्टी जेलर व वार्डर भी नामजद हैं। एफआईआर के अनुसार इस मामले में निखत बार-बार जेल के अंदर जाती रही और उसने इसके लिए तमाम जेल कर्मियों को भिन्न-भिन्न प्रकार से प्रभावित किया। इतने सारे तथ्यों के होने के बाद भी शासन प्रशासन ने जेल अफसरों की अब तक गिरफ्तार नहीं की है। इससे साफ दिख रहा है कि उत्तर प्रदेश शासन केवल रंजिश की भावना से कार्रवाई करता है, न्याय की दृष्टि से नहीं। पत्र में उन्होंने कहा कि यदि इन दोषी जेल अफसरों को सात दिनों के अंदर गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो अधिकार सेना इस मामले में आंदोलन करेगी।