फोटो-5-जिला अस्पताल में भर्ती बुखार व पेटदर्द के मरीज। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। डेंगू के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। कुछ मोहल्ले ऐसे हैं, जिनमें 10-10 मरीज हैं। जानकी कुंड अस्पताल में लगभग 50 मरीज ऐसे भर्ती हैं, जिनमें डेंगू के लक्षण हैं। जिला अस्पताल में भी प्रतिदिन 10 मरीज ऐसे आ रहे हैं, जिनके प्लेटलेट्स कम मिल रहे हैं। डेंगू की आशंका पर इनका इलाज हो रहा है।
शहर के सदर रोड़, स्टेशन रोड़ व शंकर बाजार के कई स्थानों पर गंदगी व जलभराव है। इससे बीमारी फैल रही है। इन्हीं मोहल्लों में डेंगू के मरीज प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। जानकीकुंड अस्पताल में सीतापुर, पुरानी बाजार, अमानपुर, कपसेठी व चितरा गांव के लगभग 50 मरीजों में डेंगू के लक्षण होने पर इलाज किया जा रहा है।
अस्पताल के निदेेशक डा. बीके जैन ने बताया कि इलाज के पर्याप्त संसाधन व दवाएं हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 10 मरीजों में डेंगू के लक्षण होने पर इलाज किया जा रहा है। हालांकि अस्पताल में डेंगू की पुष्टि वाला कोई मरीज भर्ती नहीं किया गया है। सीएमएस डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि जांच व इलाज की सुविधा के अनुसार काम किया जा रहा है।
बस स्टैंड निवासी छेदीलाल यादव, पुरानी बाजार के सुनील अग्रवाल, शंकर बाजार के वीरेंद्र गुप्ता व नीरज केशरवानी आदि ने बताया कि उनके मोहल्ले में गंदगी फैली है। कई बार सफाई कराने के लिए नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग से फागिंग कराने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
इससे बीमारी फैल रही है। इस संबंध में सीएमओ डा. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि कई स्थानों पर फागिंग कराई गई है। संबंधित विभाग को हर स्थान पर फागिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।