चित्रकूट। डीएम अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। उन्होंने कहा कि हरियाली, बढ़ते प्रदूषण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण को बढ़ावा देना है। पर्यावरण संतुलन के लिए पौधरोपण के काम में सभी सहयोग करें। कूड़ा जलाते पकड़े जाने पर संबंधित कर्मचारी का वेतन कटेगा।
डीएम ने कहा कि इस वर्ष भी विरासत वृक्ष वाटिका, जलाशय के किनारे पौधरोपण व मित्र वन लगाए जाएंगे। विभागों को जो लक्ष्य दिया गया है उसे समय से पूर्ण कराएंगे। प्रभागीय वन अधिकारी से कहा कि जो पेड़ काटे जा रहे हैं, उनके स्थान पर चिह्नित स्थलों पर पौधरोपण भी कराएं।
जिला पंचायत राज अधिकारी व अधिशासी अधिकारी कर्वी को निर्देशित किया कि नदियों के किनारे भी साफ सफाई कराएं। विस्फोटक सामान से नदियों में जो मछली मारते हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई करें। बैठक में जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।