चित्रकूट। टेंपो में बाइक टकरा जाने से नाराज होमगार्ड के बेटे टेंपो चालक ने बाइक चालक की पिटाई कर दी। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे युवक के माता-पिता को भी पीटा। इतना ही नहीं उसके पिता के गले में साफी का फंदा डालकर करीब दस मीटर घसीटा भी। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी तेजबलि ने बताया कि वह बाइक से गांव जा रहा था। बेड़ी पुलिया के पास गांव के रास्ते के मोड़ पर तिरछा खड़े टेंपो के पिछले हिस्से से बाइक टकरा गई। इससे बाइक का अगला और टेंपो का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे नाराज होमगार्ड रामकेश के बेटे टेंपो चालक रामबाबू ने गाली देकर उसे पीट दिया।
बनवाने के लिए उसके जेब में रखे 300 रुपये भी निकाल लिए। घर आकर उसने परिजनों को जानकारी दी। वह पिता शिवकुमार के साथ कोतवाली रिपोर्ट लिखाने जा रहा था। रास्ते में टेंपो चालक मिला। वह पिता के गले में साफी फंसाकर चलती टेंपो में बैठकर उन्हें घसीटने लगा। कुछ दूरी पर जाकर पिता गिर गए। बचाने मां शंकरिया पहुंची तो उन्हें भी लोहे की राॅड से मारा। तीनों किसी तरह कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।