चित्रकूट। शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के खुटहा गांव में ट्रक पर 11 हजार की हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। इससे ट्रक की धुलाई कर रहा ड्राइवर करंट की चपेट में आ गया, जबकि क्लीनर बच गया। ड्राइवर को आसपास के लोग जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
भंभई शिवरामपुर निवासी ओमप्रकाश (24) खुटहा गांव के आरके यादव का ट्रक ड्राइवर था। सोमवार की सुबह मालिक के कार्यालय के सामने ट्रक खड़ाकर धुलाई कर रहा था। उसी दौरान ऊपर से गुजरी 11 हजार की हाईटेंशन लाइन टूटकर ट्रक पर गिर गई। इससे करंट की चपेट में ड्राइवर आकर गंभीर रूप से झुलस गया। ट्रक के अंदर सीट पर बैठा क्लीनर विपिन कुमार (20) निवासी रगौली बच गया। जानकारी होते ही आसपास के लोग उसे जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा।
छोटे भाई संतोष कुमार ने बताया कि वह तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। वह ट्रक मालिक की एजेंसी में तीन साल से ड्राइवर का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करता था। पत्नी विद्या देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। 2022 में ही उसकी उसकी शादी हुई थी।