चित्रकूट/मानिकपुर। मानिकपुर विकास खंड के रुखमा खुर्द के ग्राम पंचायत के सदस्यों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विरोध जताया। सभी ने प्रदर्शन कर सामूहिक इस्तीफे की पेशकश भी की है। 10 ग्राम पंचायत सदस्यों में आठ ने हस्ताक्षर युक्त पत्र सौंपा है।
सोमवार को ग्राम पंचायत सदस्यों ने एडीएम एस. सुधाकरन को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि प्रधान व सचिव ग्राम पंचायत की होने वाली बैठकों में नहीं बुलाते, जो भी विकास कार्य गांव में होते हैं, इसकी जानकारी भी उन्हें नहीं दी जाती। ग्राम पंचायत के सदस्य माता प्रसाद, रामबरन, कमल कुमार, पिंटू, प्रेमा देवी, पारस आदि ने आरोप लगाया कि गांव के प्रधान व सचिव उन लोगों के हस्ताक्षर स्वयं बनाकर बैठक का कोरम पूरा कर लेते हैं। होने वाले विकास कार्यों की बिना सूचना समितियों का गठन किया गया है, जिसमें सदस्यों से किसी भी तरह से सलाह मशविरा नहीं लिया जाता। गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों में भी धांधली की जा रही है। एडीएम ने मामले में जांंच कराने का आश्वासन दिया है।