चित्रकूट। सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय में नेत्र रोगियों को आधुनिक गुणवत्तायुक्त चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए नवीन केंद्र सद्गुरु सेंटर फार ग्लूकोमा एंड रिसर्च प्रारंभ किया गया है। जिसमें विशेष रूप से समलवायु ग्लूकोमा के रोगियों के लिए लाभदायक होगा। उद्घाटन ट्रस्ट के अध्यक्ष विशद मफतलाल की माता मिलोनी बेन ने किया। ग्लूकोमा विभाग के प्रमुख डा. राकेश शाक्या ने बताया कि देश मे ग्लूकोमा के मरीज 11.2 मिलियन हैं। नेत्रालय में ग्लूकोमा का विभाग विगत 15 वर्षों से भी अधिक समय से संचालित है। ट्रस्टी डा. बीके जैन ने बताया कि यह केंद्र समूचे मध्य और उत्तर भारत में अनूठा केंद्र होगा। देश में ग्लूकोमा मैनेजमेंट एवं रिसर्च के क्षेत्र में विशेष योगदान देगा। इसी के साथ आने वाले मरीजों को समलवायु के लक्षण और बचाव संबंधित जानकारी एवं प्रशिक्षण भी साझा किए जाएंगे। इस अवसर पर ऊषा जैन सहित समस्त कार्यकर्ता मौजूद रहे। (संवाद)