पहाड़ी(चित्रकूट)। युवक ने 10 साल की बालिका के साथ यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है। बालिका का मेडीकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस के पहुंचने के पहले आरोपी गांव से भाग गया ।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव के दंपती ने बताया कि सोमवार की शाम उन्होंने अपनी गेहूं की फसल पड़ोस के गांव के एक किराए के ट्रैक्टर की ट्राॅली पर लादी थी। चालक ने उनकी 10 साल की बेटी को अपने पास आगे बैठा लिया और बाकी सब पैदल पीछे आ रहे थे। आरोप लगाया कि रास्ते में ट्रैक्टर चालक ने बालिका के साथ कई बार यौन उत्पीड़न किया। बालिका विरोध करती रही लेकिन चलते ट्रैक्टर से गिरने के भय से वह उसी में बैठी रही। परिजनों ने आरोप लगाया कि बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनी तो वह दौड़कर ट्रैक्टर के आगे पहुंचे। बालिका ने उन्हें मामले की जानकारी दी तो चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला।
रात में ही परिजनों ने थाने में सूचना दी। थाना प्रभारी रामसिंह ने बताया कि पुलिस टीम के गांव पहुंचने के पहले आरेापी भाग चुका था। पुलिस उसका ट्रैक्टर बरामद कर थाने लाई है। आरोपी नांदी गांव निवासी मुन्ना मिश्रा उर्फ रलिहा के खिलाफ यौन उत्पीड़न, पाॅक्सो व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। बालिका का मेडिकल परीक्षण भी करा दिया गया है।