फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र पर डाकू गौरी ने धावा बोला

Sun, 13 Mar 2016 11:09 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, चित्रकूट
विज्ञापन
डकैतों ने निर्माणाधीन पीएचसी की ढ़हाई दीवार। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
50 हजार के इनामी डाकू गौरी यादव गैंग ने निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर धावा बोलकर मजदूरों को बंदूक की बटों से पीटकर अधमरा कर दिया। दस लाख की चौथ न पहुंचने तक निर्माण कार्य बंद रखने की धमकी दी और निर्माणाधीन बाउंड्री ढहा दी। जनरेटर भी तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। ठेकेदार ने डाकू गौरी यादव व उसके आधा दर्जन अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन


बहिलपुरवा थानाक्षेत्र के सपहा गांव के पास उप्र आवास विकास परिषद से बन रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शनिवार की देर रात करीब ढाई बजे डकैत गौरी यादव ने आधा दर्जन असलहों से लैस सदस्यों के साथ धावा बोल दिया। एक कमरे में सो रहे तीन मजदूर राजेश यादव पुत्र फूलचंद्र निवासी गढ़ीघाट, अर्जुन यादव पुत्र बच्चा निवासी बारामाफी और राजा भइया रैकवार पुत्र शिवराज निवासी रौलीकल्याणपुर को जगाकर बाहर निकाला, फिर बंदूक की बटों से बेरहमी से पीटा। कुछ सदस्यों ने कमरे में घुसकर जनरेटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। गैंग ने मजदूरों के रखे एक हजार रुपये और मोबाइल भी लूट लिए।

इसके बाद गैंग दूसरे कमरे की ओर बढ़ा और गाली देते हुए कमरा खोलने को कहा लेकिन कमरे में मौजूद चार लोगों ने कहा कि वह मजदूर नहीं हैं, तो डाकुओं ने उन्हें छोड़ दिया और नवनिर्मित दीवार को ढहा दिया। पिटे मजदूरों ने बताया कि जाते समय गैंग ने धमकी दी है कि ठेकेदार 10 लाख रुपये चौथ पहुंचाने के बाद ही काम शुरू करे। भागते समय गैंग के सदस्य से मजदूर का एक मोबाइल गिर गया जिसे मजदूरों ने सुबह उठा लिया।
विज्ञापन


घटना की जानकारी होते ही एसपी केके चौधरी, सीओ राजेश तिवारी, थानाध्यक्ष आरएस द्विवेदी और ठेकेदार ज्ञानेंद्र तिवारी निवासी लोढ़वारा मौके पर पहुंचे। घायल मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में भर्ती कराया गया। मजदूरों से पूछताछ के बाद ठेकेदार की तहरीर पर डाकू गौरी यादव और उसके आधा दर्जन अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसपी केके चौधरी ने बताया कि ठेकेदार अगर मांग करता है तो उसे पुलिस सुरक्षा दी जाएगी। काम को किसी भी हालत में बंद नहीं होने दिया जाएगा। डाकू गौरी व उसके गैंग के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम को लगाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें