इनमें बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के पुत्र विधायक अब्बास अंसारी, उसकी पत्नी निखत के वाहन चालक नियाज, सहयोगी शहबाज आलम के अलावा चित्रकूट निवासी सपा नेता फराज खान व कैंटीन के सप्लायर नवनीत सचान पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है।
सपा नेता व कैंटीन के सप्लायर को पकड़ने गई थी टीम
पहले से दर्ज मुकदमों की धाराओं में गैंगेस्टर की धार बढ़ाई गई है। इसी मामले में सोमवार को लखनऊ, चित्रकूट की पुलिस के साथ एसओजी टीम ने छापेमारी कर सपा नेता व कैंटीन के सप्लायर को पकड़ने गई थी। उधर शहर के पुरानी बाजार में सपा नेता फराज खान के आवास पर पुलिस टीम पहुंची।
एक साल पूर्व का मामला फिर सुर्खियों में आया
दुकान व घर में किसी पुरूष सदस्य के न मिलने पर पुलिस ने शक के आधार पर दुकान के दरवाजे का ताला खुलवा कर जांच की, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसी प्रकार पुलिस ने जेल कैंटीन के पूर्व सप्लायर नवनीत के आवास पर भी पहुंची, लेकिन वहां भी कोई नहीं मिला। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लगभग एक साल पूर्व का मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।
यह था मामला
दस फरवरी 2023 को डीएम अभिषेक आनंद व तत्कालीन एसपी वृंदा शुक्ला ने मुखबिर की सूचना पर जिला जेल में छापा डाला था। जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक पुत्र अब्बास अंसारी व उसकी पत्नी निखत बानो को गैर कानूनी तरीके से एक जेल अधिकारी के कक्ष में मिलते पकड़ा था। इसके बाद निखत व उसके वाहन चालक को भी जेल भेजा गया था।
निखत बानो की भी जमानत हो चुकी है
इसी मामले में जांच के दौरान पता चला था कि सपा नेता फराज खान व कैंटीन में सामग्री सप्लायर नवनीत का जेल में अधिकारियों व विधायक से उसकी पत्नी को मिलाने व महंगे गिफ्ट दिलाने में सहयोग रहा है। इसी आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लखनऊ जेल भेजा गया था। हाल ही में दोनों जमानत पर रिहा हैं। निखत बानो की भी जमानत हो चुकी है।
कुल 11 लोगों के खिलाफ दर्ज है रिपोर्ट
इस मामले में कुल 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। इस घटना के बाद चित्रकूट जेल से विधायक अब्बास अंसारी को कासगंज जेल भेज दिया गया था। इसी मामले में जेल अधीक्षक, जेलर, डिप्टी जेलर, वार्डर को भी मंहगे गिफ्ट लेने, नगदी लेने व नियमों के विरू द्ध कार्य करने के आरोप में लखनऊ जेल भेजा गया था। पूरे मामले की सुनवाई लखनऊ कोर्ट से हो रही है।