चित्रकूट। धमकी देकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले यज्ञवेदी अखाड़े के महंत उनके भाई व एक रिश्तेदार पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले की विवेचना शुरु हो गई है। अदालत के आदेश पर यह रिपोर्ट दर्ज हुई है।
मध्य प्रदेश के सतना जिले के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला ने बताया कि उसके पति चित्रकूट के यज्ञवेदी अखाड़े के महंत सत्यप्रकाश दास के साथ रहते थे। महंत के विरूद्ध पहाड़ी थाना में हत्या के प्रयास के एक मामले में उसके पति को भी सह अभियुक्त बनाया गया था। वर्ष 2016 में उसके पति महंत सत्यप्रकाश दास के साथ जेल में थे। मुकदमे की पैरवी के लिए वह चित्रकूट आती थी और यज्ञवेदी निर्वाणी अखाड़ा में रुकती थी। जहां महंत के भाई जय प्रकाश ने उसे एक कमरा दिला दिया था। कमरा दिलाने के बाद पति के जेल में रहने के कारण जय प्रकाश ने डरा धमकाकर उससे शारीरिक संबंध बनाया। विरोध करने पर पति को जेल में बंद रखने और जान से मरवाने की धमकी देता था। 18 जून 2024 को तीनों आरोपियों महंत सत्यप्रकाश, भाई जय प्रकाश व रिश्तेदार ने यज्ञवेदी निर्वाणी अखाड़ा के कमरे से उसके पति को बाहर भेज दिया और रात में तीनों लोगों ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर मारपीट की।
पीडि़ता ने इस मामले में पुलिस विभाग में कोई सुनवाई न होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। पिछले मंगलवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद भारती ने सभी आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। मंगलवार को कोतवाल उपेंद्र सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेशानुसार महंत, उनके भाई व रिश्तेदार पर सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसकी विवेचना क्राइम इंस्पेक्टर लाखन सिंह ने शुरु कर दी है।