मऊ (चित्रकूट)। परिचित युवक ने फोन कर नदी किनारे फल व्यापारी को बुलाकर तमंचे से गोली मार दी। गोली व्यापारी के पेट में लगी है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को आता देखकर युवक भाग गया। लहूलुहान व्यापारी को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद व्यापारी को प्रयागराज रेफर कर दिया।
मऊ थाना व कस्बा निवासी फल व्यापारी राकेश केसरवानी ने बयाया कि उनका बेटा ऋतिक केसरवानी (21) रविवार की रात लगभग आठ बजे फुटकर व्यापारियों से तगादा करने के बाद कस्बे के चौराहे के पास खड़ा था। इसी बीच उसके मोबाइल पर उसके परिचित कस्बा निवासी कल्लू यादव नामक युवक का फोन आया। उसने अहिरी गांव स्थित नदी किनारे बुलाया। वह दोस्तों को बताकर वहां चला गया। वहां पहुंचते ही कल्लू ने तमंचे से ऋतिक के पेट में गोली मार दी। इस पर ऋतिक लहूलुहान होकर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। लोगों को आता देखकर आरोपी भाग गया। पुलिस को सूचना देकर घायल को सीएचसी पहुंचाया।
जानकारी होते ही थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी मय फोर्स पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद अस्पताल पहुंचे। घायल व्यापारी से घटना की पूरी जानकारी ली। व्यापारी ने बताया कि कस्बे में प्राइवेट नर्सिंगहोम चलाने वाले डॉ. वीरेंद्र के भतीजे कल्लू ने गोली मारी है। बयाया कि उससे कोई दुश्मनी नहीं है। कुछ देर बाद घायल बेहोश हो गया। डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी कल्लू यादव की तलाश के लिए दो टीम गठित की गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।