चित्रकूट । नगर निकाय चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के पांचवे दिन शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए चित्रकूट धाम कर्वी नगर पालिका और राजापुर नगर पंचायत से एक-एक नामांकन और मऊ नगर पंचायत से दो नामांकन पत्र दाखिल किए गए। जबकि मानिकपुर नगर पंचायत में सदस्य पद के लिए पहला पर्चा दाखिल किया गया लेकिन यहां से अध्यक्ष पद के लिए अब तक किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं दाखिल किया है।
अपर जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि चित्रकूट धाम कर्वी नगर पालिका में शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए मेंहदी हसन पुत्र जुम्मन अली ने पर्चा दाखिल किया और सभासद पदों के लिए 10, मऊ नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए आम आदमी पार्टी के वाकर अली ने जिलाध्यक्ष संतोषी लाल शुक्ला के साथ पहुंचकर नामांकन किया। इसके अलावा यहां निर्दलीय प्रत्याशी जयवीर सिंह ने पर्चा दाखिल किया और सभासद पदों के लिए नौ नामांकन पत्र दाखिल किए गए। राजापुर नगर पंचायत में सभासद पद के लिए शुक्रवार को किसी ने नामांकन नहीं किया। जबकि अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी रमाकांत द्विवेदी ने नामांकन दाखिल किया है। इसी प्रकार मानिकपुर में भी सभासद पद के लिए वार्ड नम्बर दो से नामांकन दाखिल हुआ है। जबकि अध्यक्ष पद के लिए यहां से अब तक किसी ने पर्चा नहीं भरा है।
अबतक बिके 681 पर्चे
एडीएम ने बताया कि अब तक अध्यक्ष और सदस्य पद के कुल 681 पर्च बिके हैं। इनमें कुल 43 प्रत्याशी पर्चे दाखिल कर चुके हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए चित्रकूट धाम कर्वी नगर पालिका परिषद में 31, नगर पंचायत मऊ में 34, राजापुर में 30 और मानिकुपर में 24 पर्चे बिके हैं। सभासद पदो के लिए कर्वी में 192, मऊ में 187, राजापुर में 100 और मानिकपुर में 83 पर्चे बिके हैं। कर्वी और मऊ में अध्यक्ष पद के तीन-तीन, राजापुर में एक नामांकन दाखिल हो चुका है। इसी प्रकार सदस्य पद में कर्वी में 18, मऊ में 23 और मानिकपुर में एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ है।