खोही(चित्रकूट) । मैहर दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसके चलते दोनों बाइक सवार समेत दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को मझगवां अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके अलावा हाइवे पर गिट्टी भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें ड्राइवर व खलासी बाल-बाल बच गए।
मध्य प्रदेश क्षेत्र के चित्रकूट थाना के अमहा निवासी ऋषि कुमार (38) व संतशरण (40) बुधवार की रात को पैदल मैहर दर्शन करने जा रहे थे। जैसे ही वह मझगवां थाना क्षेत्र के हिरौंदी गांव के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे दलेला निवासी बाइक सवार रमेश (30) व दिनेश सिंह ने टक्कर मार दी। जिसके चलते चारों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को मझगवां अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार रमेश ने हेलमेट नहीं पहना था।
इसके अलावा गुरुवार की सुबह मुख्यालय से गिट्टी लादकर प्रयागराज की ओर जा रहा ट्रक सदर कोतवाली अंतर्गत झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित खोह के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। जिसके चलते उसमें सवार ड्राइवर व खलासी बाल-बाल बच गए।