मानिकपुर(चित्रकूट)। पुलिस हिरासत में लिए गए आर्यनगर निवासी अंशू की मौत पर सड़क जाम करने में 23 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें अंजनी शुक्ला नामक युवक को मुख्य आरोपी बनाया गया है।
एक सप्ताह पूर्व रविवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान कस्बा निवासी अंशू का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। मानिकपुर पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई थी। सोमवार की सुबह उसका शव थाने से दस किलोमीटर दूर पनहाई रेल ट्रैक पर मिला। परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाकर कस्बे में लगभग आठ घंटे तक जाम लगाकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
काफी मान मनौव्वल के बाद जब थाना प्रभारी समेत पूरे थाने के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई और थाना प्रभारी विनोद शुक्ला के अलावा तीन पुलिसकर्मी निलंबित हुए तक जाम खत्म हुआ था। इसी मामले में शनिवार की शाम को प्रभारी थानाध्यक्ष प्रभुनाथ ने 38 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सड़क जाम करना, अव्यवस्था फैलाने व आमजन को परेशानी मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य कार्रवाई की गई है। इसमें 23 नामजद और 15 अज्ञात हैं। एफआईआर के मुताबिक अंजनी शुक्ला नामक युवक इसमें मुख्य है। इस पर पुलिस से थाने में अभद्रता करने व इसके बाद परिजनों को उकसा कर जाम लगाने की भूमिका बताई गई है।