चित्रकूट। रसिन क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि के बाद मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने तहसील परिसर में नष्ट हुई फसल को लेकर प्रदर्शन किया। हाथ में खराब फसल लेकर आए किसानों ने एसडीएम को पत्र देकर नुकसान का सही मुआवजा दिलाने की मांग की।
रसिन क्षेत्र के मजरा शिवालय पांडेय का पुरवा, करवरियन पुरवा, अलखू खेड़ा का पुरवा, गोशाला का पुरवा आदि गांव के ग्रामीण मंगलवार को ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसल लेकर तहसील परिसर पहुंचे। किसान गुरु प्रसाद, प्यारेलाल ने बताया कि किसानों ने कर्ज लेकर फसल की बुआई की थी। ओलावृष्टि से सरसों, चना, सहित अन्य फसल नष्ट हो गई। मुआवजा अभी तक नहीं दिया गया। उच्चाधिकारियों की देखरेख में ओलावृष्टि की जांच कराई जाए। सभी किसानों को मुआवजा दिया जाए।
इस मौके पर किसान प्यारेलाल, श्याम बाबू, मनोज कुमार, नवल किशोर, महेश, तेजबाबू, रामअधीन, रामअधार, राजकुमार व छोटेलाल आदि मौजूद रहे।