चित्रकूट/सरैंया। भारतीय किसान यूनियन की ब्लाक स्तरीय मासिक किसान पंचायत ब्लाक रामनगर व सदर तहसील में हुई। रामनगर ब्लॉक अध्यक्ष रमेशचंद्र पाठक ने कहा कि गोशालाओं की व्यवस्था होने के बावजूद अन्ना मवेशियों से निजात नही मिल रही हैं।
सदर तहसील अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने एसडीएम को ज्ञापन देते हुए बताया कि साधन सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता नहीं है। रबी की फसल को देखते हुए नहरों की सिल्ट सफाई समय से कराई जाए। ग्राम पंचायतों में जल निकासी की व्यवस्था न होने से जल भराव हो जाता है। जिससे मच्छरों की भरमार है।
ब्लॉक अध्यक्ष नरेश सिंह ने बताया कि अतिवृष्टि के चलते किसानों की तिलहन की फसल नष्ट हो गई हैं। जिसका मौके पर जाकर मुआयना कराते हुए समय रहते मुआवजा दिलाया जाए। पशु विभाग में शोपीस बनी एंबुलेंस को संचालित करें। ग्राम पंचायतों के लेखपालों की सूची व खतौनी की शुल्क सूची चस्पा हो।
इस मौके पर जिला महामंत्री अरुण कुमार पांडेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य निर्मला भारतीय, विजय सिंह, देवेंद्र सिंह, छेदीलाल, सन्त गोपाल, सधो प्रसाद, रामेश्वर सिंह, संगीता, देवकी, रामकली आदि किसान मौजूद रहे।