चित्रकूट। माफिया अतीक अहमद गैंग के सदस्य फरहान को मंगलवार की देर रात कड़ी पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज से चित्रकूट जेल में लाया गया है। बुधवार की सुबह स्वास्थ्य परीक्षण के बाद हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट किया जाएगा।
जिला जेल रगौली में रात लगभग साढ़े आठ बजे दो पुलिस वाहन के बीच बंदी वाहन से माफिया अतीक अहमद गैंग के सदस्य फरहान को लाया गया। जिला जेलर राजीव सिंह ने बताया कि नियमानुसार बंदी फरहान को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। गौरतलब है कि 17 साल पहले विधायक राजू पाल की हत्या कांड के गवाह उमेश पाल के अपहरण मामले में अतीक अहमद व अशरफ समेत दस लोगों के खिलाफ दर्ज मामले में मंगलवार को प्रयागराज की अदालत में सजा सुनाई जानी थी, इन 10 में एक नाम फरहान का भी शामिल है। जो प्रयागराज जिले का निवासी है और इस समय चित्रकूट की जिला जेल में निरुद्ध है। अदालत के आदेश में जिन सात लोगों को दोषमुक्त करार दिया गया है उसमें फरहान का भी नाम शामिल है। अदालती कार्रवाई के बाद फिलहाल फरहान को फिर से अदालत के अगले आदेश तक चित्रकूट जेल में ही भेजा गया है।