लाइसेंस धारक पर दर्ज मुकदमे में बढ़ेगी एक और धारा
फालोअप
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। रामनवमी पर राइफल से चली गोली से घायल बुजुर्ग की प्रयागराज में मौत हो गई। लाइसेंसधारक पूर्व प्रधान के खिलाफ एक और मामला दर्ज होगा।
कर्वी कोतवाली के कालूपुर पाही गांव में 30 मार्च रामनवमी को पूर्व प्रधान ओम प्रकाश भारद्वाज के आवास में बने द्वारिकाधीश मंदिर में राम जन्मोत्सव मनाया जा रहा था। हर्ष फायरिंग के बाद आरती के समय पूर्व प्रधान ने लोड राइफल दीवार से टिका दी थी। अचानक राइफल जमीन पर गिरी और गोली चल गई थी। पूर्व प्रधान का पुत्र आशीष (22) व पड़ोसी जागेश्वर (80) के कमर के नीचे गोली लगी थी। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर कर दिया गया था। जागेश्वर की इलाज के दौरान गुरुवार को प्रयागराज में मौत हो गई। वहीं आशीष की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
कोतवाल दीपेंंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व प्रधान के खिलाफ लाइसेंसी राइफल को सही तरीके से न रखने की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। इसमें विधिक राय के बाद एक और धारा जोड़ी जाएगी। राइफल पुलिस के कब्जे में है।