चित्रकूट। मारकुंडी में तुलसी जल प्रपात में बने स्कॉई ग्लास ब्रिज के चबूतरों व निर्माण स्थल पर दरारें आने के बाद गुरुवार को निर्माण एजेंंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सुधार कराने का आश्वासन दिया। डीएम व डीएफओ ने निर्माण एजेंसी से मामले की जानकारी ली।
गौरतलब है कि यह ब्रिज 3.70 करोड़ की लागत से बन रहा है। इसमें ब्रिज के साथ टिकट विंडो व आसपास चबूतरे व सौंदर्यीकरण के काम शामिल हैं। इसका निर्माण पवनसुत कांस्ट्रेक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी करा रही है। इसको अभी वन विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है।
पहली ही बारिश में दरारें पड़ने के बाद से इसमें सुधार कराने के लिए निर्माण एजेंसी ने शुरुआत की है। निर्माण एजेंंसी के मैनेजर मनीष कुमार ने बताया कि डीएम व डीएफओ को मामले की जानकारी दी गई है। बारिश के कारण निर्माणस्थल के नीचे की मिट्टी खिसकने से निर्माणस्थल पर दरार आई है।इसे जल्द ही सुधारा जाएगा।