चित्रकूट। शहर के कई मोहल्लों में इन दिनों मटमैले पानी की सप्लाई हो रही है। इस पर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताई है। कहा कि गंदा पानी पीने से बीमारी हो सकती है। कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
शहर में स्थित मंदाकिनी नदी के पुल घाट में लगे इंटकवेल से जल संस्थान शहर में पानी की सप्लाई कर रहा है। जो एक सप्ताह से मटमैला पानी आ रहा है। इसको लेकर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताई है। पुरानी बाजार के गोलाबाजार निवासी कुलदीप गुप्ता कहना कि गर्मी की शुरुआत होते ही मटमैला पानी की सप्लाई मोहल्ला में की जाती है। इससे हैंडपंप में पानी भरने को मजबूर हैं। शहर बस स्टैंड के पास स्थित पलक रेस्टोरेंट के मालिक नीरज केसरवानी ने बताया कि गंदे पानी की सप्लाई की जा रही है। साफ पानी न मिलने से पीने के लिए बस स्टैंड के पास लगे हैंडपंप से पानी भरना पड़ता है।
शहर के कुबेरगंज निवासी पवन दुबे ने बताया कि गर्मी के सीजन चालू होते ही पानी की सप्लाई बाधा बनी रहती है। कभी शाम को तो कभी सुबह पानी की सप्लाई नहीं की जाती।मटमैले पानी की भी सप्लाई होती है। बताया कि मटमैला पानी पीने से पीलिया जैसी बीमारी हो सकती है। इस लिए स्वच्छ पानी की सप्लाई की जाए।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता डी के सत्संगी कहना कि किसी कारण से कुछ जगह गंदा पानी आ रहा होगा। ज्यादातर स्थानों पर स्वच्छ पानी की सप्लाई की जा रही है।